
"गुरु ज्ञान का प्रकाश हैं और गुरु के बिना जीवन की कल्पना अधूरी है।"
हैदराबाद (29 जुलाई 2026)। राधे-राधे ग्रुप हैदराबाद के तत्वावधान में नामपल्ली स्थित पब्लिक गार्डन, पिलर नंबर 1265 ए के पास बुधवार को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर नियमित अन्नदान कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा, सेवा और भक्ति भाव के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान अग्रसेन महाराज की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती से हुआ। इस अवसर पर समाज में सुख, शांति, समृद्धि, आपसी सद्भाव और मानव कल्याण की मंगलकामना की गई। इसके पश्चात बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों को प्रेमपूर्वक भोजन वितरित कर अन्नदान सेवा संपन्न की गई।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त करते हुए राम प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि गुरु ज्ञान का प्रकाश हैं और गुरु के बिना जीवन की कल्पना अधूरी है। गुरु ही मनुष्य को अज्ञान रूपी अंधकार से निकालकर ज्ञान, संस्कार और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु केवल धार्मिक शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि जीवन को सही दिशा, श्रेष्ठ उद्देश्य और सकारात्मक सोच भी प्रदान करते हैं। गुरु का सान्निध्य मनुष्य के व्यक्तित्व का निर्माण करता है और उसे समाज व राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का बोध कराता है।
राम प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि गुरु बनाने की कोई आयु या सीमा नहीं होती। जो भी हमें जीवन में कुछ अच्छा सिखाता है, हमारी सोच को सकारात्मक बनाता है और आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है, वही हमारा वास्तविक गुरु है। चाहे वह बच्चा हो, युवा हो, वृद्ध हो, स्त्री हो, पुरुष हो अथवा स्वयं प्रकृति—जिससे भी हमें सीखने का अवसर मिले, उसका सम्मान करना चाहिए। सीखने की भावना ही व्यक्ति को महान बनाती है और यही भारतीय संस्कृति की सबसे बड़ी पहचान है।
उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल अपने गुरु के प्रति श्रद्धा प्रकट करने का पर्व नहीं है, बल्कि यह अपने जीवन में सेवा, संस्कार, विनम्रता, कृतज्ञता और ज्ञान को आत्मसात करने का भी संदेश देता है। राधे-राधे ग्रुप हैदराबाद इसी भावना के साथ निरंतर अन्नदान, मानव सेवा और सामाजिक सरोकारों के कार्यों को समर्पित भाव से आगे बढ़ा रहा है। सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान लाना ही सच्ची गुरु वंदना है।
कार्यक्रम में राम प्रकाश अग्रवाल, सुनीता अग्रवाल, भगतराम गोयल, मनीष चिंडालिया, जय प्रकाश सारड़ा एवं प्रीतिका अग्रवाल सहित अनेक सेवा सहयोगियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। सभी ने गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर गुरुजनों को नमन करते हुए मानव सेवा के कार्यों को और अधिक गति देने का संकल्प लिया।