
"गुरु की भक्ति और सेवा से ही जीवन सार्थक बनता है।"
हैदराबाद। राधे-राधे ग्रुप हैदराबाद के तत्वावधान में बुधवार को बेगम बाजार स्थित भू देवी माता मंदिर के पास गौशाला के सामने गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर नियमित अन्नदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और सेवा के वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं समाजसेवियों ने भाग लेकर गुरुजनों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम का शुभारंभ सिद्ध श्री शिरोमणि अन्नपूर्णा माता के अनन्य भक्त ब्रह्मलीन बाबा रामेश्वर दास जी की पूजा-अर्चना के साथ किया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने बाबा रामेश्वर दास जी का स्मरण करते हुए उनके बताए सेवा, त्याग, मानवता और परोपकार के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। पूजा-अर्चना के उपरांत श्रद्धापूर्वक प्रसाद का वितरण किया गया।
इस अवसर पर राधे-राधे ग्रुप हैदराबाद के संयोजक जगत नारायण अग्रवाल ने कहा कि गुरु की भक्ति के बिना जीवन अधूरा है। गुरु ही वह दिव्य शक्ति हैं जो मनुष्य को अज्ञान के अंधकार से निकालकर ज्ञान, विवेक, संस्कार और सत्य के प्रकाश की ओर ले जाते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति की उस सनातन परंपरा का महापर्व है जिसने सदियों से समाज को ज्ञान, संस्कार, सत्य, धर्म और मानवता का मार्ग दिखाया है।
उन्होंने कहा कि गुरु केवल शिक्षा देने वाले नहीं होते, बल्कि वे जीवन को सही दिशा, दृष्टि और उद्देश्य प्रदान करते हैं। गुरु व्यक्ति के भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानकर उसका आत्मविश्वास बढ़ाते हैं तथा हर परिस्थिति में सत्य, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा देते हैं। हमारी गौरवशाली संस्कृति में गुरु को ईश्वर से भी श्रेष्ठ स्थान दिया गया है, क्योंकि वही अज्ञान के अंधकार को दूर कर ज्ञान का दीप प्रज्ज्वलित करते हैं।
जगत नारायण अग्रवाल ने अपने जीवन को दिशा देने वाले सभी गुरुजनों, शिक्षकों, मार्गदर्शकों एवं प्रेरणास्रोत व्यक्तित्वों को नमन करते हुए समस्त देशवासियों को गुरु पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम के अंत में नियमित अन्नदान सेवा के माध्यम से जरूरतमंदों को भोजन वितरित किया गया।
इस अवसर पर जगत नारायण अग्रवाल, शिव भगवान अग्रवाल, दीपचंद अग्रवाल, नीलम विजयवर्गीय, अरुण विजयवर्गीय, लता गोयल, महेश गोयल, शर्मिला अग्रवाल एवं रेनू शर्मा सहित अनेक सेवाभावी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।