"जरूरतमंद की सहायता करना ही सबसे बड़ा धर्म है।"
राधे-राधे ग्रुप हैदराबाद के तत्वावधान में बुधवार को इंडो अमेरिकन कैंसर हॉस्पिटल के सामने स्थित केबीआर पार्क में नियमित अन्नदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अस्पताल में उपचाररत मरीजों के परिजनों, जरूरतमंदों एवं राहगीरों को प्रेमपूर्वक एवं सम्मानपूर्वक भोजन वितरित किया गया। कार्यक्रम सेवा, समर्पण और मानवता की भावना से ओत-प्रोत रहा।
राधे-राधे ग्रुप हैदराबाद द्वारा नियमित रूप से संचालित यह सेवा अभियान मानवता, करुणा और परोपकार का प्रेरणादायी उदाहरण बन चुका है। ग्रुप का उद्देश्य केवल भोजन वितरण करना नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद एवं असहाय लोगों तक सम्मानपूर्वक सहायता पहुँचाना तथा उनमें आशा और विश्वास का संचार करना है।
ग्रुप के सदस्यों ने कहा कि जरूरतमंद की सहायता करना सबसे बड़ा धर्म है। सेवा का यह क्रम भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने समाज के सभी नागरिकों एवं समाजबंधुओं से ऐसे सेवा कार्यों में आगे आकर तन, मन एवं धन से सहयोग देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मनीष अग्रवाल, सुभाष अग्रवाल, भावरलाल गुप्ता सहित राधे-राधे ग्रुप हैदराबाद के अन्य सदस्यों ने सेवा कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी ने श्रद्धा, समर्पण एवं सेवा भाव के साथ भोजन वितरण कर जरूरतमंदों का आशीर्वाद प्राप्त किया।
"जय श्री राधे"
कार्यक्रम का समापन "राधे-राधे" के जयघोष के साथ हुआ। सभी सदस्यों ने मानव सेवा, अन्नदान एवं समाज कल्याण के इस पावन अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।